राष्ट्रीय – Shreeji News https://shreejinews.in Sat, 06 Jun 2026 10:30:23 +0000 en-US hourly 1 https://wordpress.org/?v=7.0 जीवनभर की जमा-पूंजी पर साइबर अपराधियों का वार, 12 ट्रांजैक्शन में खाते से पार किए लाखों रुपये https://shreejinews.in/cybercriminals-strike-at-lifelong-savings-hundreds-of-thousands-of-rupees-siphoned-off-from-account-in-12-transactions/ Sat, 06 Jun 2026 10:30:23 +0000 https://shreejinews.in/?p=31057

अलीगढ़- अलीगढ़ में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां जिला ग्रामोद्योग कार्यालय में कार्यरत एक सरकारी कर्मचारी के बैंक खाते से लाखों रुपये की अवैध निकासी कर ली गई। पीड़ित ने अपनी पूरी जीवनभर की बचत गंवाने की बात कहते हुए पुलिस और बैंक अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित संतोष कुमार शर्मा जिला ग्रामोद्योग कार्यालय में प्रधान सहायक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि उनके बैंक खाते से अचानक कई ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के माध्यम से बड़ी रकम निकाली गई। कुछ ही समय में अलग-अलग लेनदेन के जरिए कुल 10.85 लाख रुपये से अधिक की राशि खाते से गायब हो गई।

सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि पीड़ित के अनुसार उन्होंने अपने खाते पर किसी प्रकार की यूपीआई सेवा सक्रिय नहीं कराई थी। इसके बावजूद साइबर अपराधियों ने कथित तौर पर यूपीआई आधारित लेनदेन का इस्तेमाल करते हुए रकम निकाल ली।

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने बैंक शाखा में शिकायत दर्ज कराई। बैंक अधिकारियों ने खाते को तत्काल सुरक्षित करते हुए संदिग्ध लेनदेन से जुड़े माध्यमों को ब्लॉक कर दिया। साथ ही राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद संबंधित एजेंसियों ने रकम को ट्रैक करने और संभावित रिकवरी की प्रक्रिया शुरू की।

साइबर क्राइम पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है। जांच टीम ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड, बैंक खातों और डिजिटल माध्यमों की पड़ताल कर रही है, जिनके जरिए धनराशि ट्रांसफर की गई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। जांच के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं इस घटना ने एक बार फिर ऑनलाइन बैंकिंग सुरक्षा और साइबर सतर्कता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

]]>
जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच आंदोलन’ की गूंज: शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर अड़े छात्र; 13 जून को फिर बड़े प्रदर्शन का एलान https://shreejinews.in/cockroach-protest-echoes-at-jantar-mantar-students-firm-on-demand-for-education-ministers-resignation-major-protest-announced-for-june-13/ Sat, 06 Jun 2026 10:29:11 +0000 https://shreejinews.in/?p=31054

नई दिल्ली-  देश की राजधानी दिल्ली का जंतर-मंतर शनिवार को एक बड़े छात्र आंदोलन का गवाह बना। डिजिटल प्लेटफॉर्म से शुरू हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के बैनर तले हजारों छात्रों और युवाओं ने सड़कों पर उतरकर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। आंदोलनकारी देश में लगातार हो रहे पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में गड़बड़ियों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान सीजेपी (CJP) ने एलान किया है कि आगामी 13 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर इससे भी बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।

अमेरिका से लौटकर सीधे पहुंचे अभिजीत दीपके, बोले- ‘पोस्ट हटा सकते हो, हमें नहीं’

हाल ही में अमेरिका से लौटे कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके शनिवार सुबह सीधे जंतर-मंतर पहुंचे और आंदोलन की कमान संभाली। युवाओं और ‘Gen Z’ को संबोधित करते हुए दीपके ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उनकी मांगों पर कार्रवाई करने के बजाय उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स हैक कराने और पोस्ट डिलीट करवाने में व्यस्त है।

दीपके ने भावुक और कड़े शब्दों में कहा:

“यह लड़ाई बहुत लंबी है और हम पीछे हटने वाले नहीं हैं। देश का छात्र और युवा बिका नहीं है। तुम सोशल मीडिया से हमारी पोस्ट हटा सकते हो, लेकिन हमें जमीनी आंदोलन से खत्म नहीं कर सकते।”

हाथों में तिरंगा, किताब और गुलाब: आंदोलन का अनोखा अंदाज

अभिजीत दीपके की अपील पर प्रदर्शन में शामिल होने आए छात्र अपने हाथों में तिरंगा और किताबें लेकर पहुंचे थे। आंदोलन को पूरी तरह अहिंसक और प्रतीकात्मक बनाए रखने के लिए छात्रों ने सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को सम्मान के तौर पर गुलाब के फूल भी भेंट किए। हालांकि, दोपहर के समय कुछ प्रदर्शनकारियों द्वारा भीड़ को उग्र करने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस और खुद आयोजकों की मुस्तैदी के कारण माहौल शांतिपूर्ण बना रहा।

सोनम वांगचुक का बड़ा एलान, दी उपवास की चेतावनी

इस छात्र आंदोलन को उस समय और मजबूती मिली जब देश के जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षाविद् सोनम वांगचुक दोपहर करीब 1:30 बजे जंतर-मंतर पहुंचे। वांगचुक ने छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए केंद्र सरकार को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने घोषणा की कि यदि सरकार ने दमनकारी नीति अपनाते हुए आंदोलन के अगुवा अभिजीत दीपके को गिरफ्तार किया, तो वह छह सप्ताह के कड़े उपवास पर बैठ जाएंगे।

चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा, विपक्षी नेताओं को किया गया नजरबंद

आंदोलन की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे एनडीएमसी (NDMC) और जंतर-मंतर इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया था। दिल्ली की सीमाओं और प्रमुख चौराहों (जैसे आईटीओ) पर सख्त पिकेट चेकिंग लगाई गई। इस प्रदर्शन का असर दिल्ली के बाहर भी देखने को मिला। ग्रेटर नोएडा में समाजवादी छात्र सभा के अध्यक्ष मोहित नागर को दिल्ली कूच करने से पहले ही पुलिस ने हाउस अरेस्ट (नजरबंद) कर लिया। मोहित नागर ने सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार युवाओं की आवाज दबाना चाहती है।

फिलहाल, दिल्ली पुलिस और खुफिया विभाग अलर्ट पर हैं। जंतर-मंतर पर हुए इस प्रदर्शन की गूंज अब दिल्ली से निकलकर अलीगढ़ और गुरुग्राम जैसे शहरों तक पहुंच गई है, जहां युवा इस आंदोलन से जुड़ने के लिए लगातार लामबंद हो रहे हैं।

]]>
भूमि संबंधी प्रकरणों में लापरवाही पर हो सख्त कार्रवाई: मुख्यमंत्री https://shreejinews.in/strict-action-must-be-taken-against-negligence-in-land-related-cases-chief-minister/ Wed, 03 Jun 2026 10:18:13 +0000 https://shreejinews.in/?p=30957

जनता दर्शन में भूमि संबंधी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने डीएम को दिए निर्देश

लगातार दूसरे दिन जनता दर्शन में 150 लोगों की समस्याएं सुनीं सीएम योगी आदित्यनाथ ने

मुख्यमंत्री ने लोगों को दिया भरोसा- किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं, हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है सरकार

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने का भी निर्देश दिया

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में भूमि संबंधी शिकायतों पर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने डीएम को निर्देशित किया कि भूमि संबंधी शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए। प्रकरण की गंभीरता के अनुसार संबंधित के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाए। किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही कतई क्षम्य नहीं है।

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। कुछ लोगों ने जमीन से जुड़े मामलों में राजस्व कर्मियों की तरफ से लापरवाही किए जाने की शिकायत की तो उन्होंने डीएम को तत्काल कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे लोगों से उन्होंने कहा कि सरकार इलाज में पूरी मदद करेगी। इसके लिए जरूरतमंद लोगों का आयुष्मान कार्ड बनवाया जाएगा और इसके बाद भी जरूरत पड़ी तो विवेकाधीन कोष से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर जरूरतमंद, पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें इलाज के लिए परेशान न होना पड़े।

गोरखनाथ मंदिर परिसर में महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी करीब 150 लोगों से मिले। उनके पास जाकर उनकी समस्याएं सुनीं। उनके प्रार्थना पत्रों का अवलोकन कर समस्या, शिकायत का संज्ञान लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिया कि किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है, सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है। एक महिला ने कुछ लोगों द्वारा मकान से बेदखल किए जाने की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने अफसरों से कहा कि मकान पर महिला का कब्जा दिलाया जाए। उन्होंने अलग-अलग मामलों के निस्तारण के लिए संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र संदर्भित करते हुए निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतुष्टिप्रद होना चाहिए।

जनता दर्शन में एक महिला ने मां के इलाज के लिए सहायता देने का निवेदन किया। मुख्यमंत्री ने आयुष्मान कार्ड के बारे में पूछा। महिला ने बताया कि उसके पास आयुष्मान कार्ड नहीं है। इस पर सीएम ने मौके पर मौजूद अफसरों को निर्देशित किया कि जल्द से जल्द इनका आयुष्मान कार्ड बनवाया जाए। अधिकारी हर जरूरतमंद का आयुष्मान कार्ड बनवाएं, ताकि उन्हें इलाज के लिए परेशान न होना पड़े। गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर आए लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिया कि उन्हें विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

गोसेवा की और बच्चों पर प्यार लुटाया सीएम योगी ने
गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान बुधवार सुबह भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिनचर्या परंपरागत रही। प्रातःकाल गुरु गोरखनाथ और अपने ब्रह्मलीन गुरुदेव महंत अवेद्यनाथ जी का आशीर्वाद लेने के बाद सीएम योगी ने मंदिर की गोशाला में गोसेवा की। गोवंश को अपने हाथ से गुड़-रोटी खिलाकर उन पर स्नेह बरसाया। इसी क्रम में मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए उन्होंने परिजनों के साथ आए बच्चों को पास बुलाकर उन्हें दुलराया। चॉकलेट दीं और उनसे पढ़ाई के बारे में बातचीत की। सीएम ने बच्चों को खूब पढ़ने-आगे बढ़ने का आशीर्वाद भी दिया।

]]>
NEET-UG पेपर लीक केस में तीन आरोपी न्यायिक हिरासत में, 15 जून तक जेल भेजे गए https://shreejinews.in/three-accused-in-neet-ug-paper-leak-case-sent-to-judicial-custody-till-june-15/ Mon, 01 Jun 2026 11:05:21 +0000 https://shreejinews.in/?p=30905

नई दिल्ली। NEET-UG पेपर लीक मामले में जांच एजेंसियों की कार्रवाई जारी है। मामले से जुड़े तीन आरोपियों को सोमवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें 15 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। आरोपियों को उनकी पुलिस रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद कोर्ट में पेश किया गया था।

जांच एजेंसियां पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही हैं। मामले को लेकर देशभर में छात्रों और अभिभावकों के बीच चिंता बनी हुई है, जबकि जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है।

इसी बीच, NEET-UG 2026 री-एग्जाम को लेकर दाखिल याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) फॉर्मेट में टेस्ट कराने की मांग को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। याचिकाकर्ताओं ने मांग की थी कि पुनर्परीक्षा पारंपरिक पेन-एंड-पेपर मोड के बजाय CBT मोड में आयोजित कराई जाए।

जस्टिस पी.एस. नरसिम्हा और जस्टिस अरविंद कुमार की पीठ ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) को इस संबंध में कोई निर्देश देने से मना कर दिया। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई जुलाई तक के लिए स्थगित कर दी है।

सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद यह लगभग स्पष्ट हो गया है कि 21 जून को प्रस्तावित NEET-UG री-एग्जाम पहले से निर्धारित पेन-एंड-पेपर प्रारूप में ही आयोजित किया जाएगा। फिलहाल अभ्यर्थियों को परीक्षा के स्वरूप में किसी बदलाव की उम्मीद नहीं है।

]]>
दिल्ली: ज्योति नगर में MCD नॉर्थ जोन के उपाध्यक्ष मुकेश बंसल को धमकी, पुलिस ने दर्ज की FIR https://shreejinews.in/police-files-fir-for-threatening-mukesh-bansal-vice-president-of-mcd-north-zone-in-delhi-jyoti-nagar/ Sat, 30 May 2026 05:22:57 +0000 https://shreejinews.in/?p=30843

नई दिल्ली: उत्तर पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर इलाके से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। नगर निगम (MCD) के नॉर्थ जोन के उपाध्यक्ष और कर्दमपुरी वार्ड से निगम पार्षद मुकेश बंसल को फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई है। एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें फोन कर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी। मुकेश बंसल की शिकायत के बाद ज्योति नगर थाना पुलिस ने एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है और मामले की तफ्तीश में जुट गई है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, वेस्ट ज्योति नगर निवासी मुकेश बंसल के मोबाइल पर 28 मई की सुबह करीब 11:54 बजे एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले शख्स ने अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा, “आज एक कुर्बानी दे दी है। अब जल्द ही तुम्हारी कुर्बानी लेंगे।” इतना बोलने के बाद आरोपी ने फोन काट दिया।

मुकेश बंसल ने पुलिस को बताया कि आगामी त्योहार बकरीद को लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो शेयर किए थे। इन वीडियो में उन्होंने जनता से अपील की थी कि वे दिल्ली सरकार और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइंस का पालन करते हुए ही त्योहार मनाएं। आशंका जताई जा रही है कि इसी वीडियो से नाराज होकर किसी शरारती तत्व ने उन्हें यह धमकी दी है। पुलिस फिलहाल कॉल डिटेल्स (CDR) के जरिए आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

]]>
दिल्ली के राजेंद्र नगर में संदिग्ध हालात में दो वृद्ध महिलाओं की मौत, जांच में जुटी पुलिस https://shreejinews.in/police-engaged-in-investigation-of-death-of-two-elderly-women-under-suspicious-circumstances-in-delhis-rajendra-nagar/ Thu, 28 May 2026 08:17:01 +0000 https://shreejinews.in/?p=30799

दिल्ली। दिल्ली के राजेंद्र नगर इलाके में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक घर के अंदर दो बुजुर्ग महिलाओं के शव बरामद हुए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई।

पुलिस के अनुसार सुबह करीब 10:30 बजे मकान संख्या R-852 से तेज दुर्गंध आने की सूचना मिली थी। घर में सफाई करने वाली घरेलू सहायिका ने पुलिस को बताया कि मकान के सभी दरवाजे बंद थे और अंदर से बदबू आ रही थी। सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

जांच के दौरान घर के एक कमरे में दो बुजुर्ग महिलाएं अचेत अवस्था में मिलीं। उनकी पहचान करीब 80 वर्षीय चंद्र कांता और सरोज बाला के रूप में हुई है। एक महिला का शव बिस्तर पर पड़ा था जबकि दूसरी महिला का शव कमरे के फर्श पर मिला।

प्रारंभिक जांच में मकान के अंदर जबरन प्रवेश या तोड़फोड़ के कोई निशान नहीं पाए गए हैं। स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि दोनों महिलाएं लंबे समय से इस मकान में साथ रह रही थीं। सरोज बाला अविवाहित थीं, जबकि चंद्र कांता उनकी भाभी थीं।

मौके पर पहुंची कैट एम्बुलेंस टीम ने दोनों महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद क्राइम टीम और एफएसएल ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। फिलहाल पुलिस को शुरुआती जांच में किसी साजिश या आपराधिक वारदात के संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।

दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए आरएमएल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

]]>
कोटा में10 वर्षीय मासूम की बेरहमी से हत्या, झाड़ियों में मिला शव https://shreejinews.in/brutal-murder-of-10-year-old-child-in-kota-body-found-in-bushes/ Wed, 27 May 2026 08:43:19 +0000 https://shreejinews.in/?p=30768

बच्चे के शव पर चोट के निशान, घटनास्थल से खून से सना पत्थर बरामद

कोटा। राजस्थान के कोटा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र में झाड़ियों के बीच 10 वर्षीय बच्चे का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत बेहद खराब होने के कारण स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है।

खेलते-खेलते लापता हुआ था बच्चा

मृतक की पहचान मयंक मीणा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 25 मई की शाम मयंक घर से खेलने के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने रेलवे कॉलोनी थाने में बच्चे की गुमशुदगी की सूचना दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी।

सीसीटीवी फुटेज में दिखा किशोर

जांच के दौरान आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसमें एक 15 वर्षीय किशोर मयंक को अपने साथ ले जाता दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे। पुलिस ने संदिग्ध किशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

झाड़ियों में मिला शव

देर रात वर्कशॉप के सामने झाड़ियों में बच्चे का शव बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक शव पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं और सिर पर भारी वस्तु से हमला किए जाने की आशंका है। घटनास्थल से खून से सना पत्थर भी बरामद किया गया है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे पैसों के लेनदेन का कोई विवाद तो नहीं था। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि मयंक और संदिग्ध किशोर के बीच करीब 100 रुपये को लेकर बातचीत हुई थी। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

]]>
इंजीनियर राशिद को फिर मिली अंतरिम जमानत, धार्मिक रस्मों में शामिल होने की अनुमति https://shreejinews.in/engineer-rashid-granted-interim-bail-again-permitted-to-participate-in-religious-rituals/ Tue, 26 May 2026 09:45:37 +0000 https://shreejinews.in/?p=30743

 नई दिल्ली- दिल्ली हाईकोर्ट ने बारामूला से सांसद शेख अब्दुल राशिद उर्फ इंजीनियर राशिद को आतंकवाद फंडिंग से जुड़े मामले में सीमित अवधि के लिए अंतरिम राहत प्रदान की है। अदालत ने उन्हें 25 जून से 30 जून तक अंतरिम जमानत दी है, ताकि वह अपने दिवंगत पिता के निधन के बाद होने वाली धार्मिक रस्मों में शामिल हो सकें।

न्यायमूर्ति प्रतिभा एम सिंह और न्यायमूर्ति मधु जैन की पीठ ने स्पष्ट किया कि यह जमानत केवल निर्धारित अवधि के लिए ही मान्य होगी। अदालत ने निर्देश दिया कि पहले दी गई अंतरिम जमानत की अवधि समाप्त होने के बाद राशिद को 2 जून को आत्मसमर्पण करना होगा, जिसके बाद उन्हें दोबारा 25 जून से 30 जून के बीच अस्थायी राहत दी जाएगी।

सुनवाई के दौरान राशिद के वकील ने अदालत से अनुरोध किया था कि उन्हें श्रीनगर में अपने पिता के निधन के 40वें दिन होने वाले धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने की अनुमति दी जाए। अदालत ने इस आधार पर सीमित अवधि की जमानत मंजूर की, लेकिन इसके साथ पहले से लागू सभी शर्तों को बरकरार रखा।

अदालत के आदेश के अनुसार, अंतरिम जमानत के दौरान राशिद की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रहेगी। उनके साथ सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे और उन्हें केवल अपने निवास तथा धार्मिक स्थलों तक जाने की अनुमति होगी। अन्य किसी स्थान पर जाने की छूट नहीं दी गई है।

गौरतलब है कि राशिद राष्ट्रीय जांच एजेंसी द्वारा दर्ज 2017 के आतंकवाद फंडिंग मामले में आरोपी हैं और 2019 से तिहाड़ जेल में बंद हैं। इस मामले में उनके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम समेत कई गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा चल रहा है।

]]>
दिल्ली में छिपा था झारखंड हत्याकांड का आरोपी, दिल्ली क्राइम ब्रांच ने आरोपी को दबोचा https://shreejinews.in/%e0%a4%a6%e0%a4%bf%e0%a4%b2%e0%a5%8d%e0%a4%b2%e0%a5%80-%e0%a4%a6%e0%a4%bf%e0%a4%b2%e0%a5%8d%e0%a4%b2%e0%a5%80-%e0%a4%aa%e0%a5%81%e0%a4%b2%e0%a4%bf%e0%a4%b8-%e0%a4%95%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a4%be/ Mon, 25 May 2026 10:04:52 +0000 https://shreejinews.in/?p=30715

दिल्ली – दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की सेंट्रल रेंज टीम ने झारखंड के साहिबगंज जिले में दर्ज अपहरण और हत्या के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी हत्या के बाद फरार होकर राजधानी में छिपा हुआ था।

पुलिस के मुताबिक, साहिबगंज के बोरियो थाना क्षेत्र में 21 मई 2026 को चंपई मरांडी के लापता होने का मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान करीब 10 दिन बाद उसका शव जंगल से बरामद हुआ, जिसके बाद मामले में हत्या की धाराएं जोड़ दी गईं।

जांच में सामने आया कि मृतक को आखिरी बार आरोपियों के साथ शराब पीते देखा गया था। आरोप है कि शराब पार्टी के दौरान मामूली विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपियों ने चंपई मरांडी की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को जंगल में छिपाकर फरार हो गए।

दिल्ली क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी सुखदेव मुर्मु उर्फ ताला यमुना बाजार इलाके में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी और सर्विलांस के जरिए इलाके में जाल बिछाया और 24 मई को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली।

पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड में मृतक का सगा भाई भी शामिल बताया जा रहा है। गिरफ्तारी के बाद झारखंड पुलिस दिल्ली पहुंची और अदालत से ट्रांजिट रिमांड लेकर आरोपी को अपने साथ ले गई। फिलहाल मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

]]>
सोशल मीडिया पर छिड़ी ‘वर्चुअल सियासत’, OJP और CJP के बीच बढ़ी डिजिटल जंग https://shreejinews.in/virtual-politics-erupts-on-social-media-digital-war-escalates-between-ojp-and-cjp/ Sat, 23 May 2026 07:45:05 +0000 https://shreejinews.in/?p=30680

नई दिल्ली- सोशल मीडिया पर शुरू हुई व्यंग्यात्मक सियासत में अब एक नया मोड़ आ गया है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को चुनौती देने के लिए ऑगी जनता पार्टी (OJP) नाम की नई वर्चुअल पार्टी सामने आई है। दोनों डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर एक-दूसरे पर निशाना साधते हुए लगातार पोस्ट और अभियानों के जरिए चर्चा का केंद्र बनी हुई हैं।

ऑगी जनता पार्टी ने सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके और उनके कथित राजनीतिक संबंधों पर सवाल उठाए हैं। ओजेपी ने एक पुराने सोशल मीडिया पोस्ट को साझा करते हुए दावा किया कि सीजेपी पूरी तरह निष्पक्ष नहीं है। वहीं ओजेपी ने खुद को केवल “कड़वी सच्चाई सामने लाने वाला मंच” बताते हुए कहा कि उसका उद्देश्य सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर सवाल उठाना है।

इस वर्चुअल टकराव के बीच ओजेपी ने नीट पेपर लीक विवाद और पशु अधिकार जैसे मुद्दों को भी अपने अभियान का हिस्सा बनाया है। पार्टी ने सोशल मीडिया पर छात्रों को न्याय दिलाने की मांग उठाई, वहीं एक छह सूत्रीय पशु अधिकार घोषणापत्र जारी कर देश में पशु क्रूरता विरोधी सख्त कानून बनाने की मांग की है।

दूसरी ओर, कॉकरोच जनता पार्टी भी सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हो रही है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने नीट पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर ऑनलाइन पिटीशन शुरू की, जिस पर लाखों लोगों ने समर्थन जताया। इंस्टाग्राम और एक्स जैसे प्लेटफॉर्म्स पर दोनों वर्चुअल पार्टियों के फॉलोअर्स की संख्या तेजी से बढ़ रही है।

हालांकि इस पूरे घटनाक्रम ने अभिजीत दीपके के परिवार की चिंता भी बढ़ा दी है। उनके माता-पिता ने कहा कि बेटे की अचानक बढ़ती लोकप्रियता और सोशल मीडिया पर सक्रियता को लेकर उन्हें डर है कि कहीं वह किसी कानूनी या राजनीतिक विवाद में न फंस जाए।

]]>