देहरादून (सहसपुर)। सहसपुर कोतवाली पुलिस ने रविवार रात जेबीआईटी कॉलेज के पास एक व्यक्ति को 6.6 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी बड़ा रामपुर निवासी वहीद है, जो कॉलेज के छात्रों को स्मैक बेचने का काम कर रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि रविवार रात पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति कॉलेज के पास स्मैक बेच रहा है। टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को धर दबोचा। तलाशी के दौरान 6.6 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पूछताछ में वहीद ने स्वीकार किया कि वह कॉलेज छात्रों को नशा बेचता था। पुलिस ने सोमवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
