देहरादून- राजधानी देहरादून के बसंत विहार थाना क्षेत्र स्थित चायबागान इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बोरे में बंद युवती का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना पर इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने चायबागान के पास संदिग्ध अवस्था में एक बोरा पड़ा देखा, जिसकी बदबू के कारण शक हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बोरे को खोलने पर उसमें एक युवती का शव बरामद हुआ।
प्राथमिक जांच में मृतका की उम्र लगभग 22 वर्ष बताई जा रही है। शव की शिनाख्त कर ली गई है, हालांकि युवती की पहचान को फिलहाल गोपनीय रखा गया है। शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और फिर शव को यहां लाकर ठिकाने लगाया गया।
बसंत विहार थाना प्रभारी ने बताया कि मामला गंभीर है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। जल्द ही दोषियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
