आगरा — अफगानिस्तान के विदेश मंत्री मौलवी आमिर खान मुत्ताकी का प्रस्तावित आगरा दौरा अंतिम समय में रद्द कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन की ओर से इसकी पुष्टि करते हुए बताया गया कि उनके आगमन को लेकर चल रही सभी तैयारियां तत्काल प्रभाव से रोक दी गई हैं।
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया, “विदेश मंत्री के कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है। नई तिथि या पुनर्निर्धारित दौरे की जानकारी फिलहाल उपलब्ध नहीं है।”
ताजमहल भ्रमण का था कार्यक्रम
मौलवी मुत्ताकी रविवार सुबह देवबंद से आगरा पहुंचने वाले थे। तय कार्यक्रम के अनुसार, वह सुबह 9 बजे शिल्पग्राम पहुंचते और 11 से 12 बजे के बीच ताजमहल का भ्रमण करते। अफगान प्रतिनिधिमंडल की यह यात्रा कई सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में होनी थी।
हालांकि, अचानक हुए इस बदलाव के कारण ताजमहल परिसर में तैनात भारी पुलिस बल को वापस बुला लिया गया। सुरक्षा की दृष्टि से एसपीजी, स्थानीय पुलिस और अन्य एजेंसियां अलर्ट मोड में थीं।
प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात भी टली
स्थानीय धार्मिक संगठन के सदस्यों, विशेष रूप से मुफ्ती मजीद रूमी के नेतृत्व में एक मुस्लिम प्रतिनिधिमंडल ने अफगान विदेश मंत्री से मिलने की इच्छा जताई थी, लेकिन प्रशासन ने किसी भी मुलाकात की अनुमति नहीं दी थी।
रद्द होने के कारण पर सस्पेंस
अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विदेश मंत्री का दौरा रद्द करने के पीछे क्या कारण रहे। प्रशासन या अफगान दूतावास की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
भारत यात्रा पर हैं अफगान विदेश मंत्री
गौरतलब है कि मौलवी आमिर खान मुत्ताकी छह दिवसीय भारत दौरे पर हैं और नई दिल्ली में कई उच्चस्तरीय मुलाकातें कर चुके हैं। शनिवार को उन्होंने दारुल उलूम देवबंद का भी दौरा किया था। तालिबान के सत्ता में आने के बाद यह भारत की यात्रा पर आने वाले पहले वरिष्ठ मंत्री हैं।
