Deepika Padukaun on Working Hours: अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के आठ घंटे की वर्क शिफ्ट की मांग ने फिल्म इंडस्ट्री में बड़ा विमर्श शुरू कर दिया है। मां बनने के बाद काम और निजी जीवन के बीच संतुलन पर ध्यान देने की उनकी पहल को जहां कई लोग सराह रहे हैं, वहीं कुछ बड़े प्रोजेक्ट्स से उनका नाम हटाए जाने ने इस बहस को और गर्म कर दिया है।
फिल्म इंडस्ट्री में लंबे वर्क शेड्यूल और ओवरटाइम को लेकर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं, लेकिन दीपिका पादुकोण के हालिया बयान ने इस मुद्दे को फिर सुर्खियों में ला दिया है। आठ घंटे के काम को पर्याप्त बताते हुए दीपिका अब अपने समय और सेहत को प्राथमिकता देने की बात खुलकर कर रही हैं। हालांकि इस नए रुख के बाद उन्हें ‘स्पिरिट’ और ‘कल्कि 2898 एडी’ के सीक्वल जैसी बड़े बजट की फिल्मों से हाथ धोना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद अभिनेत्री अपने फैसले पर डटी हुई हैं।
“हमने ओवरवर्क को सामान्य मान लिया है” – दीपिका
हार्पर बाज़ार इंडिया को दिए इंटरव्यू में दीपिका ने स्पष्ट कहा कि इंडस्ट्री ने जरूरत से ज्यादा काम को आदत बना लिया है, जबकि यह स्वास्थ्य के लिए ठीक नहीं है। उनके अनुसार, “यह मान लेना कि थकान भी पेशेवर जिम्मेदारी का हिस्सा है, पूरी तरह गलत सोच है। इंसान के शरीर और दिमाग के लिए आठ घंटे का काम ही पर्याप्त है। आप तभी अपना सर्वश्रेष्ठ दे सकते हैं जब आप मानसिक और शारीरिक रूप से फिट हों।”
दीपिका ने यह भी बताया कि उनकी अपनी टीम में सोमवार से शुक्रवार तक सिर्फ आठ घंटे का शेड्यूल रहता है, साथ ही मैटरनिटी और पैटरनिटी से जुड़े नियम भी लागू हैं। वह चाहती हैं कि आने वाले समय में हर कार्यस्थल पर बराबरी का माहौल बने और बच्चों को काम पर लाना आम बात हो।
मां बनने के बाद बदली प्राथमिकताएँ
अभिनेत्री ने स्वीकार किया कि बेटी दुआ के जन्म ने उनकी सोच और प्राथमिकताओं को पूरी तरह बदल दिया है।
उन्होंने कहा, “अब सफलता का मतलब मेरे लिए फिट रहना, अपनी भावनात्मक स्थिति को संभालना और अपने समय का सही इस्तेमाल करना है। सबसे बड़ी ताकत यह है कि मैं तय कर पाऊं कि समय किसके साथ बिताना है।”
एक बार फिर शाहरुख संग करेंगी स्क्रीन शेयर
दीपिका इस समय शाहरुख खान के साथ अपनी अगली फिल्म ‘किंग’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। इसके अलावा, वह एटली और अल्लू अर्जुन की बड़े पैमाने पर बन रही फिल्म ‘AA22xA6’ का भी हिस्सा हैं। प्रोजेक्ट को लेकर ज्यादा जानकारी अभी साझा नहीं की गई है, लेकिन इसे बड़े पैमाने की एक्शन-ड्रामा माना जा रहा है।
