रुड़की: अमेरिका स्थित हेल्थ-टेक स्टार्टअप आरोग्यटेक ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की को अपना उन्नत स्वास्थ्य निगरानी मंच दान किया है। इस मंच में प्राण सहायता उपकरण और उससे जुड़े डिजिटल अनुप्रयोग-प्राण कम्पेनियन व प्राण गाइड शामिल हैं। यह दान स्वास्थ्य प्रौद्योगिकी में नवाचार, अनुसंधान और विद्यार्थियों की भागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
यह योगदान हर्षा एच और हासू पी. शाह फैमिली फाउंडेशन के सहयोग से संभव हुआ है। प्रसिद्ध परोपकारी और उद्यमी हासू पी. शाह, जो हर्षा हॉस्पिटैलिटी ग्रुप के संस्थापक भी हैं, ने कहा, “प्रौद्योगिकी आधारित सामाजिक प्रभाव हमेशा मेरी प्राथमिकता रही है। आरोग्यटेक की युवा और प्रतिभाशाली टीम वैश्विक स्वास्थ्य चुनौतियों को हल करने के लिए प्रतिबद्ध है, और मैं उनके मिशन का समर्थन करके गौरवान्वित हूं।”
आरोग्यटेक के सह-संस्थापक तथा सीपीटीओ अजय विक्रम सिंह आईआईटी रुड़की के 1999 बैच के पूर्व छात्र ने इस पहल का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा, “आईआईटी रुड़की ने मुझे एक इंजीनियर और इनोवेटर के रूप में विकसित किया। यह योगदान अगली पीढ़ी के स्वास्थ्य तकनीक को सशक्त बनाने की दिशा में एक छोटा लेकिन अहम प्रयास है।”
प्राण प्लेटफॉर्म आरोग्यटेक के उस मिशन का हिस्सा है, जो हर घर तक उन्नत डिजिटल स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर केंद्रित है। यह प्लेटफॉर्म व्यक्तिगत स्वास्थ्य निगरानी, स्मार्ट वेलनेस गाइडेंस, दूरस्थ नैदानिक सहयोग जैसी क्षमताओं को एकीकृत करता है। भविष्य में यह प्रणाली गैर-आक्रामक तरीके से ब्लड शुगर की स्क्रीनिंग, कैंसर की शुरुआती जांच और जीनोमिक परीक्षणों के विस्तार में उपयोगी साबित हो सकती है।
आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के. के. पंत ने कहा, “यह योगदान स्वास्थ्य सेवा प्रौद्योगिकी और डेटा-आधारित चिकित्सा जैसे उभरते क्षेत्रों में हमारे अनुसंधान को गति देगा। संस्थान इस सहयोग की अत्यधिक सराहना करता है।”
उप निदेशक प्रो. यू. पी. सिंह ने मंच का उद्घाटन करते हुए इसे संस्थान की क्षमताओं को मजबूत करने वाला “उल्लेखनीय योगदान” बताया। डीन (रिसोर्सेज एंड एलुमनी अफेयर्स) प्रो. आर. डी. गर्ग ने कहा कि यह पहल आईआईटीआर समुदाय की शक्ति और सामाजिक योगदान की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
अस्पताल सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. अंकिक कुमार गिरि ने जोर देते हुए कहा कि यह प्लेटफॉर्म आईआईटी रुड़की की स्वास्थ्य सेवाओं, नैदानिक अनुसंधान और एआई आधारित चिकित्सा अध्ययन को नई ऊंचाइयां प्रदान करेगा।
यह दान इस साझा विश्वास को रेखांकित करता है कि शिक्षा, प्रौद्योगिकी और परोपकार के सम्मिलित प्रयास से स्वास्थ्य सेवा नवाचार को वैश्विक स्तर पर अधिक सुलभ और प्रभावी बनाया जा सकता है।
