दिल्ली एनसीआर( गाज़ियाबाद): मुरादनगर के प्रीत विहार क्षेत्र में एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। दूध व्यवसाय से जुड़े सुनील कुमार अपने परिवार के साथ गाजियाबाद में एक शादी समारोह में गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने मकान का मुख्य ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और कीमती सामान समेट ले गए।
परिवार जब समारोह से लौटकर घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजा टूटा मिला और कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। सुनील कुमार के अनुसार, चोर लगभग 2.60 लाख रुपये नकद, करीब 20 तोले सोने के आभूषण, ढाई किलो चांदी, एक लैपटॉप, कीमती कपड़े और अन्य घरेलू सामान चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। एसीपी मसूरी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज की जा रही है और आरोपियों की तलाश के लिए जांच शुरू की जाएगी।
