लखनऊ- राजधानी लखनऊ में इंडिगो एयरलाइन की उड़ानें लगातार रद्द होने से यात्रियों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। अब यात्री यह भी आरोप लगा रहे हैं कि कंपनी रिफंड देते समय मनमानी कटौती कर रही है, जिससे लोग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। कई यात्रियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से शिकायतें दर्ज की हैं, जबकि एयरलाइन की ओर से केवल भरोसा दिलाया जा रहा है।
यात्री सतीश सिंह ने बताया कि उन्होंने बेंगलुरु से वाराणसी के लिए 6000 रुपये में टिकट बुक किया था (पीएनआर—Y9WWTG)। पहले उन्हें 16 घंटे इंतजार कराया गया और बाद में उड़ान रद्द कर दी गई। रिफंड में मात्र 400 रुपये ही वापस किए गए। इसी तरह अमरदीप सिंह भाटिया ने बताया कि चंडीगढ़ के लिए 16,777 रुपये में टिकट लिया था, लेकिन फ्लाइट रद्द होने पर 4,536 रुपये की कटौती कर दी गई। शिकायत करने पर उन्हें बताया गया कि एजेंसी को पूरा रिफंड दे दिया गया है।
मुंबई से दिल्ली होते हुए लखनऊ आने वाले एक यात्री ने बताया कि मुंबई–लखनऊ उड़ान रद्द होने से उनकी आगे की यात्रा भी प्रभावित हुई और रिफंड में 2,500 रुपये काट लिए गए। ए. मिश्रा ने कहा कि तीन दिसंबर को मुंबई–लखनऊ की फ्लाइट (6E-5088) कैंसिल हुई और रिफंड में 3,200 रुपये की कटौती कर दी गई।
यात्री राजेश मिश्र का कहना है कि उन्होंने पुणे–लखनऊ का रिटर्न टिकट (बुकिंग आईडी: NF7 AI99P 82907240265) लिया था, लेकिन रिफंड अभी तक नहीं मिला और एयरलाइन उन्हें लगातार टाल रही है। देहरादून–लखनऊ उड़ान (6E-518) रद्द होने के बाद Dr. अंतरिक्ष श्रीवास्तव तीन दिनों से मेल कर रहे हैं, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। भुवनेश्वर से लखनऊ आने के लिए टिकट लेने वाले शुभम को बताया गया कि रिफंड आने में 15 दिन लगेंगे।
सीडीआरआई के पूर्व वैज्ञानिक प्रदीप कुमार श्रीवास्तव की लखनऊ से चंडीगढ़ वाली फ्लाइट (6E-6752) भी अचानक रद्द कर दी गई। इंद्रजीत यादव सहित कई यात्रियों ने बताया कि उन्हें अब तक भुगतान वापस नहीं मिला है।
