Delhi AQI: राजधानी दिल्ली में मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के चलते वायु प्रदूषण एक बार फिर गंभीर स्तर पर पहुंच गया है। हवा की रफ्तार कमजोर पड़ने और तापमान में गिरावट के कारण शुक्रवार को हवा की गुणवत्ता खराब से बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई, जो शनिवार को भी बनी हुई है। सुबह के समय दिल्ली में धुंध और घने कोहरे की चादर छाई रही, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई।
एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम फॉर दिल्ली के मुताबिक, शनिवार सुबह राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 353 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर और भी चिंताजनक बना हुआ है।
दिल्ली के आनंद विहार (410), जहांगीरपुरी (415), विवेक विहार (424), रोहिणी (409), नरेला (408) और बवाना (400) जैसे इलाकों में एक्यूआई बेहद खराब से गंभीर स्थिति के करीब दर्ज किया गया। वहीं, अलीपुर (377), अशोक विहार (388), चांदनी चौक (380), आईटीओ (379), मुंडका (377), सोनिया विहार (370) और पंजाबी बाग (361) में भी प्रदूषण स्तर चिंताजनक बना हुआ है। कुछ क्षेत्रों जैसे आईजीआई एयरपोर्ट टी-3, आया नगर और लोधी रोड में स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर जरूर रही, लेकिन वहां भी हवा खराब श्रेणी में दर्ज की गई।
विशेषज्ञों के अनुसार, यदि मौसम की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में प्रदूषण से लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
वायु गुणवत्ता सूचकांक के मानकों के अनुसार, 0 से 50 तक का स्तर अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बेहद खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर श्रेणी को दर्शाता है। गंभीर श्रेणी में पहुंचने पर हवा मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक मानी जाती है।
