गाजियाबाद: गाजियाबाद में आबकारी विभाग ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बृहस्पतिवार रात आरडीसी इलाके में स्थित एक रेस्तरां पर छापेमारी के दौरान बिना वैध लाइसेंस शराब परोसे जाने का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि रेस्तरां में हरियाणा से लाई गई अंग्रेजी शराब ग्राहकों को परोसी जा रही थी।
आबकारी विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि फ्लॉक ओ क्लॉक नामक रेस्तरां में नियमों को ताक पर रखकर शराब बेची जा रही है। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और छापा मारा। कार्रवाई के दौरान रेस्तरां से अलग-अलग ब्रांड की खाली और सीलबंद शराब की बोतलें, गिलास समेत अन्य सामान बरामद किया गया। छापेमारी के समय कई लोग मौके से फरार हो गए।
रेस्तरां संचालक हिमांशु, निवासी भौंजा, पटेलनगर से शराब परोसने का लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। आरोपी ने भागने की कोशिश भी की, हालांकि टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से हरियाणा से सस्ती शराब लाकर यहां ऊंचे दामों पर बेच रहा था।
इस मामले में कविनगर थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी और अवैध शराब आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
