अंकिता भंडारी हत्याकांड पर सियासी घमासान, भाजपा विधायक खजान दास ने कांग्रेस पर साधा निशाना
देहरादून: अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर सियासी बहस के केंद्र में आ गया है। इस मामले में खुद को भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी बताने वाली उर्मिला सनावर द्वारा जारी किए गए एक वीडियो के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। वीडियो में वीआईपी से जुड़ा नाम सामने आने के बाद विपक्षी दल कांग्रेस ने पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग कर दी है।
मामले को लेकर भाजपा नेताओं की ओर से भी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। राजपुर से भाजपा विधायक और प्रदेश प्रवक्ता खजान दास ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस और उर्मिला सनावर मिलकर अनुसूचित जाति समाज की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आरोपों का पार्टी के साथ-साथ अनुसूचित जाति समाज भी कड़ा विरोध करेगा।
खजान दास ने स्पष्ट किया कि यदि सामने आए ऑडियो या आरोपों में कोई भी ठोस और प्रमाणिक तथ्य पाए जाते हैं, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह किसी भी पद या दल से जुड़ा हो। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह इस संवेदनशील मामले को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने की कोशिश कर रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी न्यायिक प्रक्रिया में पूरा भरोसा रखती है और अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा। फिलहाल यह मामला प्रदेश की राजनीति में गरमाया हुआ है और आने वाले दिनों में इस पर सियासी बयानबाजी और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।