गाजियाबाद: कविनगर थाना क्षेत्र में टप्पेबाजी का एक नया मामला सामने आया है, जहां दो चालाक महिलाओं ने बातचीत के जाल में फंसाकर एक महिला के सोने के आभूषण हड़प लिए। घटना के बाद पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस के अनुसार बालाजी एनक्लेव निवासी अभिषेक उपाध्याय की मां उमा रानी 18 दिसंबर को बृहस्पति बाजार में खरीदारी के लिए गई थीं। इसी दौरान कॉस्मेटिक की दुकान पर दो अज्ञात महिलाएं उनसे बातचीत करने लगीं और बहाने से उन्हें कुसुम बैंक्वेट के पास एक गली में ले गईं। वहां उन्होंने सुरक्षा का हवाला देते हुए उमा रानी से सोने के कुंडल और अंगूठी उतरवाए और बैग में रुमाल में रखने का नाटक किया। इसके बाद दोनों महिलाएं मौके से फरार हो गईं।
कुछ देर बाद जब पीड़िता ने बैग खोलकर देखा तो रुमाल खाली मिला। ठगी का पता चलते ही पीड़िता के बेटे ने कविनगर थाने में दोनों अज्ञात महिलाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और घटनास्थल व आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
