देहरादून/ दिल्ली: उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में अपना नाम जोड़ने पर बीजेपी नेता दुष्यंत कुमार गौतम ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में मानहानि याचिका दायर की है। हाईकोर्ट इस याचिका पर आज सुनवाई करेगा।
दुष्यंत कुमार गौतम ने दावा किया है कि 24 दिसंबर 2025 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें उन्हें बेबुनियाद तरीके से इस मामले से जोड़कर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई। उन्होंने कोर्ट से मांग की है कि उनके खिलाफ प्रसारित किए गए सभी कंटेंट हटाए जाएं और दो करोड़ रुपये का हर्जाना दिलाया जाए। याचिका में कहा गया है कि यह वीडियो राजनीतिक लाभ पाने के उद्देश्य से बनाया गया है और यह फेक न्यूज की श्रेणी में आता है। वहीं, उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि जांच एजेंसियों ने कभी भी उन्हें इस केस में आरोपी या संदिग्ध के रूप में नहीं जोड़ा।
इस बीच, उत्तराखंड पुलिस ने ताजा वीडियो को लेकर उर्मिला सनावर और बीजेपी के पूर्व विधायक सुरेश राठौर के खिलाफ दुष्प्रचार से जुड़ी कई एफआईआर दर्ज की हैं। राठौर का कहना है कि वायरल वीडियो एआई से तैयार किया गया है, जिसे बीजेपी को बदनाम करने के लिए प्रसारित किया गया।
अंकिता भंडारी की हत्या सितंबर 2022 में एक रिजॉर्ट में हुई थी। जांच में सामने आया कि रिसेप्शनिस्ट अंकिता पर रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य द्वारा एक मेहमान के साथ अवैध संबंध बनाने का दबाव बनाया जा रहा था। बाद में अंकिता का शव नहर से बरामद हुआ। ट्रायल कोर्ट पुलकित आर्य और अन्य दो आरोपियों को उम्रकैद की सजा दे चुका है।
