गाजियाबाद: नंदग्राम थाना क्षेत्र में चोरों ने बंद पड़े एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई जब मकान मालिक अपनी बीमार पत्नी से मिलने अस्पताल गया हुआ था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आर ब्लॉक निवासी जयद्रथ स्वरूप ने पुलिस को बताया कि 13 जनवरी की शाम वह घर में ताला लगाकर नेहरूनगर स्थित अस्पताल गए थे, जहां उनकी पत्नी भर्ती हैं। जब वह कुछ समय बाद वापस लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी का लॉक भी तोड़ा गया था और पूरा सामान बिखरा पड़ा था।
पीड़ित के अनुसार चोर अलमारी से सोने की दो चेन, पांच अंगूठियां, दो मंगलसूत्र, झुमके, नोजपिन, मांगटीका सहित कई जेवरात चोरी कर ले गए। इसके अलावा चांदी की पायल, हाथफूल, सिक्के और बिछुए भी गायब पाए गए।
एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय ने बताया कि पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। कुछ संदिग्धों की पहचान हुई है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
