Imtiaz Ali Supports AR Rehman: हाल ही में मशहूर संगीतकार ए. आर. रहमान के एक बयान को लेकर फिल्म इंडस्ट्री में बहस छिड़ गई थी। रहमान ने बॉलीवुड पर सांप्रदायिक प्रभाव होने की बात कही थी, जिसके बाद इस मुद्दे पर अलग–अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कुछ सेलेब्स ने जहां उनके बयान का विरोध किया, वहीं कई लोगों ने उनका समर्थन भी किया।
अब इस विवाद पर फिल्ममेकर इम्तियाज अली ने अपनी राय रखी है। इंडिया टुडे से बातचीत में इम्तियाज अली ने साफ कहा कि उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में किसी तरह का सांप्रदायिक भेदभाव नजर नहीं आता। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से इंडस्ट्री में काम कर रहे हैं, लेकिन ऐसा कुछ उन्होंने कभी महसूस नहीं किया।
इम्तियाज अली ने ए. आर. रहमान की तारीफ करते हुए कहा कि वे इंडस्ट्री के सबसे प्रतिभाशाली कलाकारों में से एक हैं। उनका मानना है कि रहमान के बयान को गलत तरीके से समझा या पेश किया गया हो सकता है। इम्तियाज ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि रहमान ने वही कहा है, जैसा दावा किया जा रहा है।
उन्होंने आगे यह भी जोड़ा कि बॉलीवुड में उन्होंने कभी सांप्रदायिक दुश्मनी या भेदभाव जैसी कोई स्थिति नहीं देखी। इम्तियाज अली के इस बयान को रहमान के पक्ष में समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है।
वर्क फ्रंट की बात करें तो इम्तियाज अली, फिल्म ‘अमर सिंह चमकीला’ के बाद एक बार फिर अभिनेता दिलजीत दोसांझ के साथ नई फिल्म पर काम कर रहे हैं। हाल ही में दोनों पंजाब में इस फिल्म की शूटिंग में व्यस्त नजर आए थे।
