गाजियाबाद- गाजियाबाद के नंदग्राम इलाके में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला। राहगीरों ने शव को देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान शाहिद (पुत्र उस्मान) के रूप में हुई है, जो सिहानी स्थित चमन कॉलोनी में रह रहा था। बताया जा रहा है कि वह मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर का निवासी था।
घटना स्थल सुनसान क्षेत्र में होने के कारण पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। शुरुआती हालात को देखते हुए मामला संदिग्ध माना जा रहा है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
मृतक के पिता ने पुलिस को दिए बयान में बेटे की मौत पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि साजिश के तहत की गई वारदात हो सकती है। पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
नंदग्राम सर्किल की एसीपी उपासना पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस तकनीकी साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके।
