दिल्ली – दिल्ली के रिठाला इलाके में गुरुवार तड़के झुग्गी बस्ती में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया।
दमकल विभाग के अनुसार आग सुबह करीब 4:15 बजे लगी। देखते ही देखते आग ने आसपास की कई झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इस हादसे में करीब 70 से 80 झुग्गियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं।
आग की सूचना मिलते ही दमकल की लगभग 15 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर लगभग काबू पा लिया गया। फिलहाल दमकल कर्मी इलाके में ठंडीकरण और तलाशी अभियान चला रहे हैं।
तलाशी के दौरान मलबे से एक लड़की का जला हुआ शव बरामद हुआ है। दमकल विभाग के अधिकारी सी.एल. मीणा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
