BCECEB Bihar ITI CAT 2026 Registration: बिहार में आईटीआई में दाखिला लेने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए अच्छी खबर है। बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा बोर्ड (BCECEB) ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान प्रतियोगी प्रवेश परीक्षा (आईटीआई कैट 2026) के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 16 मार्च 2026 से आवेदन कर सकते हैं।
राज्य के सरकारी और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में विभिन्न ट्रेडों में प्रवेश पाने के लिए यह परीक्षा आयोजित की जाती है। अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से निर्धारित तिथि तक आवेदन कर सकते हैं।
बोर्ड द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 14 अप्रैल 2026 तय की गई है, जबकि आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 15 अप्रैल 2026 रात 11:59 बजे तक है। इसके बाद उम्मीदवारों को 16 और 17 अप्रैल 2026 को अपने आवेदन पत्र में आवश्यक सुधार करने का मौका भी दिया जाएगा।
आईटीआई कैट 2026 के लिए एडमिट कार्ड 8 मई 2026 को जारी किए जाएंगे, जबकि प्रवेश परीक्षा का आयोजन 17 मई 2026 को किया जाएगा। परीक्षा के परिणाम घोषित होने के बाद सफल उम्मीदवारों को काउंसलिंग प्रक्रिया के लिए बुलाया जाएगा, जिसके आधार पर उन्हें अलग-अलग ट्रेडों में सीटें आवंटित की जाएंगी।
पात्रता शर्तें
इस परीक्षा में आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कक्षा 10 (मैट्रिक) पास होना जरूरी है। वहीं जो छात्र वर्ष 2026 में मैट्रिक परीक्षा दे रहे हैं, वे भी आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 31 दिसंबर 2026 तक 14 वर्ष होनी चाहिए। हालांकि कुछ ट्रेडों के लिए आयु सीमा अधिक निर्धारित की जा सकती है।
परीक्षा पैटर्न
आईटीआई कैट एक राज्य स्तरीय प्रवेश परीक्षा है। इसमें सामान्यतः गणित, सामान्य विज्ञान और सामान्य ज्ञान से वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाते हैं।
ऐसे करें आवेदन
आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों को सबसे पहले बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आईटीआई कैट 2026 के ऑनलाइन आवेदन लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर आवेदन फॉर्म में आवश्यक जानकारी भरनी होगी। निर्धारित प्रारूप में फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने के बाद ऑनलाइन माध्यम से आवेदन शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट करना होगा। अंत में कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर सुरक्षित रखना जरूरी है।
बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि किसी तकनीकी परेशानी से बचा जा सके।
