देहरादून- देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र स्थित केहरी गांव में छात्रों के बीच हुआ विवाद एक दर्दनाक घटना में बदल गया। सोमवार रात दो पक्षों के युवकों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया। हालत नाजुक होने पर उसे दून अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के भोपा निवासी 22 वर्षीय दिव्यांशु जाटराना के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्ष एक ही निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ते थे और उनके बीच पहले से ही किसी बात को लेकर तनाव चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते यह झगड़ा हुआ।
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।
