Jumanji 3: हॉलीवुड स्टार ड्वेन जॉनसन ने अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जुमानजी 3’ की शूटिंग पूरी होने की जानकारी साझा की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर फिल्म के सेट से कई बिहाइंड-द-सीन्स (BTS) तस्वीरें पोस्ट कर इस खास पल को फैंस के साथ साझा किया।
ड्वेन जॉनसन ने फिल्म की पूरी टीम की सराहना करते हुए लिखा कि वह खुद को खुशकिस्मत मानते हैं कि उन्हें पिछले एक दशक से इस शानदार कास्ट के साथ काम करने का मौका मिला। उन्होंने सभी कलाकारों की मेहनत और कॉमिक टाइमिंग की जमकर तारीफ की।
फिल्म के निर्देशक जेक कसदान का विशेष उल्लेख करते हुए ड्वेन ने कहा कि उनके साथ काम करना गर्व की बात रही है। उन्होंने बताया कि साथ मिलकर उन्होंने जुमानजी की दुनिया में कई यादगार किरदार गढ़े।
इसके साथ ही उन्होंने दिवंगत अभिनेता रॉबिन विलियम्स को भी श्रद्धांजलि दी और लिखा कि यह फिल्म उनके नाम है। उन्होंने अपने किरदार डॉ. स्मोल्डर ब्रेवस्टोन को निभाने को सम्मान की बात बताया।
फिल्म में एक बार फिर केविन हार्ट, जैक ब्लैक और कैरेन गिलन नजर आएंगे। साथ ही डैनी डेविटो और निक जोनस भी फिल्म में वापसी कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि ‘जुमानजी 3’ को क्रिसमस के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज किया जा सकता है। इससे पहले 2017 में आई ‘Jumanji: Welcome to the Jungle’ और 2019 की ‘Jumanji: The Next Level’ बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हिट रही थीं।
