देहरादून: उत्तराखंड से हवाई कनेक्टिविटी को लेकर अच्छी खबर सामने आई है। राममोहन नायडू किंजरापु ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर देहरादून से वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के लिए नियमित उड़ानें शुरू किए जाने की जानकारी दी है।
इन प्रस्तावित उड़ानों से धार्मिक पर्यटन और तीर्थाटन को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
दरअसल, मुख्यमंत्री धामी ने हाल ही में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री से इन प्रमुख धार्मिक शहरों के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू करने का अनुरोध किया था। इसके जवाब में केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इस संबंध में सभी घरेलू एयरलाइंस को प्रस्ताव भेज दिया गया है।
पहले से मजबूत है कनेक्टिविटी
मौजूदा समय में देहरादून से देश के कई बड़े शहरों जैसे अहमदाबाद, भुवनेश्वर, बेंगलुरु, मुंबई, कोलकाता, दिल्ली, जयपुर, लखनऊ और पुणे के लिए नियमित उड़ानें संचालित हो रही हैं। इंडिगो, एलायंस एयर, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस जैसी एयरलाइंस हर सप्ताह सैकड़ों उड़ानें संचालित कर रही हैं।
एयरलाइंस पर निर्भर होगा फैसला
केंद्रीय मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि देश में घरेलू विमानन क्षेत्र को नियंत्रणमुक्त किया गया है। ऐसे में नई उड़ानों को शुरू करने या बढ़ाने का अंतिम निर्णय संबंधित एयरलाइंस कंपनियों पर निर्भर करता है।
हालांकि, सरकार की ओर से इस दिशा में पहल किए जाने के बाद उम्मीद है कि जल्द ही देहरादून से इन धार्मिक शहरों के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू हो सकती है।
