उत्तरकाशी: उत्तराखंड के गंगोत्री नेशनल पार्क में स्थित गौमुख ट्रैक पर अभी भी आवाजाही शुरू नहीं हो सकी है। ट्रैक की स्थिति का जायजा लेने पहुंची वन विभाग और गढ़वाल हिमालय ट्रैकिंग एंड माउंटेनियरिंग एसोसिएशन की संयुक्त टीम को बीच रास्ते से ही वापस लौटना पड़ा।
टीम ने कनखू बैरियर से लेकर करीब 11 किलोमीटर तक पैदल निरीक्षण किया, लेकिन भोजगढ़ी नाले के पास अत्यधिक बर्फ जमी होने के कारण आगे बढ़ना संभव नहीं हो पाया। साथ ही निरीक्षण के दौरान ऊंचाई वाले इलाकों में फिर से बर्फबारी शुरू होने से टीम को लौटने का फैसला लेना पड़ा।
पार्क प्रशासन का कहना है कि यदि इस सप्ताह मौसम साफ रहता है और नई बर्फबारी नहीं होती है, तो जल्द ही पर्वतारोहियों के लिए ट्रैक खोला जा सकता है। हालांकि आम यात्रियों और श्रद्धालुओं को अभी कुछ और समय इंतजार करना होगा, क्योंकि मार्ग कई जगहों पर क्षतिग्रस्त है और आवश्यक सुविधाएं भी पूरी तरह चालू नहीं हुई हैं।
गौरतलब है कि गंगोत्री नेशनल पार्क के द्वार 1 अप्रैल को खोल दिए गए थे, लेकिन लगातार बर्फबारी के चलते गौमुख ट्रैक पर अब तक प्रतिबंध जारी है। अधिकारियों के अनुसार, ट्रैक को सुरक्षित बनाने और बुनियादी व्यवस्थाओं के चालू होने के बाद ही आम लोगों को अनुमति दी जाएगी।
करीब 18 किलोमीटर लंबा यह ट्रैक गंगोत्री से शुरू होकर गौमुख तक जाता है। प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक महत्व के कारण यह ट्रैक हर साल बड़ी संख्या में ट्रैकर्स और श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है।
