Viral Controversy About Viral Girl Monalisa: महाकुंभ 2025 के दौरान सोशल मीडिया पर चर्चा में आई ‘वायरल गर्ल’ एक बार फिर सुर्खियों में है। शादी के बाद अब उनके बारे में कई तरह की अफवाहें फैल रही हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि वह अपने पति को छोड़कर कहीं चली गई हैं। हालांकि, जांच में यह दावा पूरी तरह गलत पाया गया है।
दरअसल, 11 मार्च को वायरल गर्ल ने केरल के एक्टर-मॉडल फरमान खान से शादी की थी, जिसके बाद दोनों लगातार चर्चा में रहे। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें फरमान खान जैसा दिखने वाला एक व्यक्ति लड़की के लापता होने की बात कहकर लोगों से मदद मांगता नजर आया। वीडियो में वह खुद को अजमेर और जोधपुर में तलाश करते हुए दिखा रहा है।
इस वीडियो के वायरल होने के बाद मामले में नया मोड़ आया, जब फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा ने इसे पूरी तरह फर्जी बताया। उन्होंने साफ किया कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति फरमान खान नहीं है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
बाद में खुलासा हुआ कि यह वीडियो राजस्थान के बालोतरा निवासी अरविंद कुमार जोशी ने मजाक में बनाया था, जिनका चेहरा फरमान खान से मिलता-जुलता है। वीडियो वायरल होने के बाद उन्होंने खुद सामने आकर सच्चाई बताई और लोगों से भ्रम न फैलाने की अपील की।
इसी बीच वायरल गर्ल की उम्र को लेकर भी विवाद सामने आया था। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने पहले उसे नाबालिग बताया था, जिसके बाद पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ। हालांकि, केरल पुलिस ने जांच के बाद बताया कि शादी के समय प्रस्तुत आधार कार्ड वैध था और लड़की की उम्र 18 वर्ष पाई गई।
फिलहाल, यह मामला अफवाहों और सच्चाई के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है, लेकिन वीडियो के जरिए फैल रही ‘लापता’ की खबर पूरी तरह गलत साबित हुई है।
