Jumanji Big Update: हॉलीवुड की लोकप्रिय फ्रेंचाइजी जुमांजी के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। फ्रेंचाइजी के तीसरे पार्ट का ऐलान CinemaCon 2026 के दौरान लास वेगास में किया गया, जहां फिल्म की पहली झलक और ट्रेलर भी पेश किया गया।
इस मौके पर फिल्म के मुख्य सितारे केविन हार्ट, ड्वेन जॉनसन और जैक ब्लैक मौजूद रहे, जिससे फैंस का उत्साह और बढ़ गया।
फिल्म का आधिकारिक नाम जुमांजी: ओपन वर्ल्ड रखा गया है, जो 25 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस बार भी कैरन गिलन अहम भूमिका में नजर आएंगी।
फिल्म का निर्देशन जेक कसडन ने किया है, जबकि प्रोडक्शन टीम में ड्वेन जॉनसन समेत कई बड़े नाम शामिल हैं। कहानी एक बार फिर दर्शकों को एडवेंचर और फैंटेसी की दुनिया में ले जाने का वादा करती है।
गौरतलब है कि ‘जुमांजी’ फ्रेंचाइजी का नया दौर 2017 में जुमांजी: वेलकम टू द जंगल से शुरू हुआ था, जिसमें चार किशोर वीडियो गेम की दुनिया में फंस जाते हैं। इसके बाद 2019 में जुमांजी: द नेक्स्ट लेवल रिलीज हुई, जिसने कहानी को आगे बढ़ाया।
दरअसल, इस पूरी फ्रेंचाइजी की जड़ें 1981 में आई जुमांजी नामक किताब से जुड़ी हैं, जिसे क्रिस वैन ऑल्सबर्ग ने लिखा था। इसके अलावा 1995 में रॉबिन विलियम्स की फिल्म ने इस कहानी को दुनिया भर में पहचान दिलाई थी।
