देहरादून- देहरादून-पांवटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। सड़क पर जरूरी साइन बोर्ड, चेतावनी संकेत और पर्याप्त लाइटिंग की कमी के चलते बीते 10 दिनों में आठ सड़क हादसे सामने आए हैं। इन दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, 8 अप्रैल को दो वाहनों की भिड़ंत में एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। इसके बाद 10 अप्रैल को हुए एक अन्य हादसे में एक युवक की जान चली गई और कई लोग घायल हो गए। इसके बावजूद मार्ग पर सुरक्षा इंतजामों में सुधार नहीं किया गया, जिससे लगातार हादसे होते रहे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई बार राष्ट्रीय राजमार्ग प्रबंधन को नोटिस जारी कर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए थे। यहां तक कि अधिकारियों को मौके पर ले जाकर खामियां भी दिखाईं गईं, लेकिन लापरवाही जारी रही।
आखिरकार, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के संचालन प्रबंधक के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि लोगों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
