बोर्नियो द्वीप में एक दर्दनाक हेलीकॉप्टर हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। पाम ऑयल के बागानों के ऊपर उड़ान भर रहा हेलीकॉप्टर अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी आठ लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की।
यह हेलीकॉप्टर PT Matthew Air Nusantara का था और इसका मॉडल Airbus H130 बताया गया है। गुरुवार को यह पश्चिम कालीमंतन के मेलावी क्षेत्र से उड़ान भरकर कुबू राया जिले की ओर जा रहा था। उड़ान के कुछ ही मिनटों बाद हेलीकॉप्टर का संपर्क कंट्रोल रूम से टूट गया, जिससे हादसे की आशंका बढ़ गई।
सूचना मिलते ही नेशनल सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी तलाश के बाद हेलीकॉप्टर का मलबा सेकादाउ के घने जंगलों में मिला। बचाव दल ने मौके से दो क्रू मेंबर और छह यात्रियों के शव बरामद किए। मृतकों में एक विदेशी नागरिक भी शामिल है, जो मलेशिया का रहने वाला था।
इंडोनेशिया में इस तरह की दुर्घटनाएं पहले भी चिंता का कारण रही हैं। परिवहन सुरक्षा को लेकर सवाल लगातार उठते रहे हैं। फिलहाल प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है ताकि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।
