रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में भीरी-ककोला मोटर मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। भीरी से औरिंग की ओर जा रहा एक वाहन अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे मौके पर ही तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही उत्तराखंड पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। कोतवाली ऊखीमठ पुलिस और SDRF के जवानों ने रात के अंधेरे में कठिन परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
रेस्क्यू टीम ने खाई में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद दो शवों को बाहर निकाल लिया, जबकि तीसरे शव को निकालने के प्रयास जारी हैं। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान नवीन सिंह (30), अंशुल (28) और अमित सिंह (35) के रूप में हुई है, जो सभी स्थानीय निवासी बताए जा रहे हैं।
प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
