रुद्रप्रयाग- उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित श्री केदारनाथ धाम मंदिर परिसर के पास पटाखे जलाकर जन्मदिन मनाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर कोतवाली सोनप्रयाग में एक इंस्टाग्राम यूजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस की सोशल मीडिया मॉनीटरिंग के दौरान यह मामला सामने आया, जिसमें ‘sumit_ke_blog’ नामक इंस्टाग्राम आईडी से एक रील साझा की गई थी। वीडियो में एक युवक अपने दोस्तों के साथ मंदिर परिसर के समीप पटाखे जलाते हुए जन्मदिन का जश्न मनाता दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह खुद इस जश्न की पुष्टि भी करता नजर आता है।
धार्मिक दृष्टि से अत्यंत पवित्र माने जाने वाले केदारनाथ धाम के पास इस तरह का कृत्य किए जाने और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने से श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंची है। मामले को गंभीरता से लेते हुए रुद्रप्रयाग पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 353(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आरोपियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस ने इस घटना के बाद तीर्थयात्रियों और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से अपील की है कि वे धार्मिक स्थलों की मर्यादा और पवित्रता का सम्मान करें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।