रुद्रप्रयाग- उत्तराखंड के पवित्र केदारनाथ धाम में गुरुवार को प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर ने पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और देश में सुख-शांति व समृद्धि की कामना की।
धाम पहुंचने पर मंदिर समिति और केदार सभा के प्रतिनिधियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। अपने दौरे के दौरान कैलाश खेर ने मंदिर परिसर में कुछ समय बिताया और वहां के आध्यात्मिक माहौल का अनुभव किया। उन्होंने सुरक्षा में तैनात जवानों, तीर्थ पुरोहितों और प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर यात्रा व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
गायक ने केदारनाथ में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद तीर्थयात्रियों के लिए बेहतर इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बाबा केदार की नगरी में आने से मन को अद्भुत शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है।