नई दिल्ली- दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के महिपालपुर इलाके में अपहरण और फिरौती का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक युवक को झांसे में लेकर बुलाया गया और बाद में उसे अगवा कर लिया गया। जानकारी के अनुसार, युवक ने मौजमस्ती के लिए एक युवती को बुलाया था, लेकिन युवती के साथ आए लोगों ने इस घटना को अपराध में बदल दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक के पास युवती को छोड़ने आए थे, लेकिन जब युवक ने युवती को पसंद नहीं किया और खर्च देने से इनकार कर दिया, तो आरोपियों ने उसे जबरन कार में बैठाकर अगवा कर लिया। इसके बाद आरोपी युवक को दिल्ली से बाहर उत्तर प्रदेश के एटा और मैनपुरी सहित कई स्थानों पर घुमाते रहे और उसके परिजनों से फिरौती की मांग की।
परिजनों की शिकायत के बाद वसंतकुंज (साउथ) थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक दिन के भीतर युवक को सकुशल मुक्त करा लिया। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं, एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को पकड़ा है, जबकि मुख्य आरोपी विकास कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह एक संगठित गिरोह है, जो ऑनलाइन देह व्यापार के नाम पर लोगों को फंसाकर वारदात को अंजाम देता था। युवक के साथ मारपीट भी की गई। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।