देहरादून- उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बुधवार को भी बदला हुआ रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं 3600 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने पहाड़ी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की चेतावनी दी है।
इधर, मसूरी में लगातार बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को भी पांचवें दिन झमाझम बारिश जारी रही, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। मालरोड पर कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई, जिसके चलते पर्यटकों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई जगह लोगों को सड़क पार करने के लिए रेलिंग का सहारा लेना पड़ा।
दिनभर रुक-रुक कर हुई बारिश के कारण आवाजाही भी प्रभावित रही। ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, वहीं खराब मौसम के चलते पर्यटक होटल में ही सीमित रहने को मजबूर रहे। इसका असर स्थानीय पर्यटन कारोबार पर भी साफ दिखाई दिया। व्यापारियों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण उनकी आय पर असर पड़ रहा है।
मालरोड पर जलभराव को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। पूर्व पालिकाध्यक्ष ओपी उनियाल ने भी स्थिति को गंभीर बताते हुए जल्द सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है।