गुरुग्राम – दिल्ली क्राइम ब्रांच ने नकली जीवन रक्षक दवाओं के एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुखर्जी नगर इलाके में चल रही एक अवैध रीपैकेजिंग यूनिट पर छापा मारकर करोड़ों रुपये की नकली और सरकारी सप्लाई की दवाएं बरामद की हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि सरकारी अस्पतालों के लिए भेजी जाने वाली दवाओं को अवैध तरीके से इकट्ठा कर उनके लेबल बदले जा रहे हैं। इसके बाद ड्रग कंट्रोल विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुखर्जी नगर स्थित एक मकान पर छापेमारी की गई। यहां से भारी मात्रा में दवाएं, पैकेजिंग सामग्री, नकली लेबल और मशीनें बरामद हुईं।
जांच में सामने आया कि गिरोह सरकारी सप्लाई की दवाओं को नए पैक और लेबल लगाकर दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में बेच रहा था। बरामद दवाओं में इंसुलिन, रेबीज वैक्सीन, हेपेटाइटिस-बी वैक्सीन और अन्य जीवन रक्षक इंजेक्शन शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क का दायरा कई राज्यों तक फैला हुआ था।
गिरफ्तार आरोपियों में नेटवर्क का कथित सरगना भी शामिल है। पुलिस को शुरुआती जांच में हवाला के जरिए लेनदेन के संकेत मिले हैं। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।