रामनगर – रामनगर के मालधन क्षेत्र में एक युवती की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने युवक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी से इनकार कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
परिजनों के अनुसार, मृतका रामनगर में नौकरी करती थी। इसी दौरान उसकी पहचान बन्नाखेड़ा निवासी शंकर सिंह उर्फ बंटी से हुई थी। आरोप है कि आरोपी ने प्रेम संबंध बनाकर युवती को शादी का भरोसा दिया और उसका शारीरिक शोषण करता रहा। जब युवती ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी और उसके परिवार ने कथित तौर पर उसके साथ अभद्रता करते हुए रिश्ता स्वीकार करने से मना कर दिया।
बताया जा रहा है कि मानसिक तनाव से परेशान होकर युवती ने 26 अप्रैल की रात घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, लेकिन मृतका का मोबाइल जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी शंकर सिंह उर्फ बंटी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।