दिल्ली – ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कंपनी के तीन प्रमुख पदाधिकारियों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपियों पर अवैध लेनदेन और मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए करोड़ों रुपये के गबन का आरोप है।
ईडी अधिकारियों ने बताया कि दीपक सिंह और पृथ्वी राज सिंह को दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र से हिरासत में लिया गया, जबकि विकास तनेजा को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया। तीनों के खिलाफ धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत कार्रवाई की गई है।
जांच के दौरान ईडी ने दिल्ली-एनसीआर और कर्नाटक में कई ठिकानों पर छापेमारी की, जहां से अहम दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड बरामद किए गए। एजेंसी के मुताबिक संबंधित कंपनी कई ऑनलाइन रियल-मनी गेमिंग एप्स का संचालन कर रही थी।
सूत्रों के अनुसार, गेमिंग प्लेटफॉर्म के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं। कुछ मामलों में आर्थिक नुकसान से परेशान लोगों द्वारा आत्महत्या करने की घटनाएं भी सामने आई थीं। इससे पहले ईडी कंपनी से जुड़े बैंक खातों में जमा करोड़ों रुपये की राशि भी फ्रीज कर चुकी है।
फिलहाल एजेंसी पूरे नेटवर्क और वित्तीय लेनदेन की गहन जांच में जुटी हुई है।