हल्द्वानी- हल्द्वानी में चेन स्नैचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार शाम मुखानी क्षेत्र में मॉर्निंग-वॉक रोड पर टहल रही एक बुजुर्ग महिला को बाइक सवार दो बदमाशों ने निशाना बना लिया। बदमाश महिला के गले से करीब साढ़े तीन तोले की सोने की चेन झपटकर मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार पॉलीशीट क्षेत्र निवासी 60 वर्षीय नीता साह शाम करीब साढ़े छह बजे मुखानी नहर कवरिंग रोड पर टहल रही थीं। इसी दौरान जगदंबा बैंक्वेट हॉल के पास पीछे से बाइक पर पहुंचे दो युवकों ने अचानक उनके गले पर झपट्टा मारा और सोने की चेन लेकर भाग निकले। महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान शुरू कराया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी हेलमेट पहने हुए थे, जिससे उनकी पहचान करने में दिक्कत आ रही है। भागते समय आरोपी महिला का दुपट्टा भी अपने साथ ले गए।
पुलिस के मुताबिक बदमाश दोनहरिया की तरफ से आए थे और घटना को अंजाम देने के बाद मुखानी की दिशा में फरार हुए। शहर से बाहर निकलने वाले रास्तों और सीमा क्षेत्रों में भी पुलिस को सतर्क कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ महीनों में शहर में चेन स्नैचिंग की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इससे पहले पीपलपोखरा और बिठौरिया क्षेत्र में भी महिलाओं को निशाना बनाया गया था। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।