लक्सर (रुड़की) – देहरादून से गाजियाबाद जा रही नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रही एक नवविवाहिता के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया। महिला के परिजनों ने लक्सर रेलवे स्टेशन पहुंचकर रेलवे प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। मामले की जांच कर रही पुलिस ने अब गुमशुदगी के केस को अपहरण की धाराओं में दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार कानपुर निवासी मनीष अग्रहरि अपनी पत्नी प्रज्ञा के साथ केदारनाथ यात्रा से लौट रहे थे। दोनों 5 मई की रात देहरादून से नंदा देवी एक्सप्रेस में सवार हुए थे। पति के मुताबिक हरिद्वार तक दोनों साथ थे, लेकिन रुड़की पहुंचने पर उनकी पत्नी सीट से गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका।
महिला की आखिरी मोबाइल लोकेशन बहादरपुर क्षेत्र के आसपास मिलने के बाद परिजन लक्सर रेलवे स्टेशन पहुंचे और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने की मांग की। हालांकि स्टेशन पर कई कैमरे बंद मिले, जिससे परिजन नाराज हो गए और उन्होंने रेलवे प्रशासन के खिलाफ हंगामा किया।
पुलिस और जीआरपी की टीमों ने रेलवे ट्रैक, हाईवे और आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया, लेकिन अब तक महिला का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमों को जांच में लगाया गया है।
इधर, रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि स्टेशन पर लगे अधिकांश सीसीटीवी कैमरे लंबे समय से बंद पड़े हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि नए उपकरणों की इंस्टालेशन प्रक्रिया जारी होने के कारण कैमरे फिलहाल पूरी तरह सक्रिय नहीं हो पाए हैं।