रुद्रपुर – रुद्रपुर के आदर्श कॉलोनी इलाके में उस समय सनसनी फैल गई जब पूर्व पार्षद और भाजपा से जुड़े एक परिवार के युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक की पहचान कपिल उर्फ शेरू के रूप में हुई है, जो स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता सतनाम सिंह का बेटा था। बताया जा रहा है कि घटना के समय कपिल घर में अकेला था, जबकि उसके माता-पिता नीचे के हिस्से में मौजूद थे। देर शाम जब पिता उसे बुलाने ऊपर पहुंचे तो उन्होंने बेटे को फंदे पर लटका देखा। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
परिजन और स्थानीय लोग तुरंत युवक को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नेता अस्पताल पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक द्वारा यह कदम उठाने के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल की जाएगी।