नैनीताल – मैदानी इलाकों में बढ़ती गर्मी के बीच इस बार भी नैनीताल पर्यटकों की पहली पसंद बनता नजर आ रहा है। पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि आने वाले दिनों में शहर में रिकॉर्ड संख्या में सैलानियों के पहुंचने की संभावना है। अभी से होटल और होम-स्टे में बड़ी संख्या में एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है और स्कूलों की छुट्टियां लगते ही पर्यटकों की भीड़ और बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था को लेकर नई रणनीति लागू की है। शहर में सीमित पार्किंग क्षमता होने के कारण प्रशासन ने साफ किया है कि पार्किंग भरने के बाद केवल उन्हीं वाहनों को प्रवेश दिया जाएगा जिनके पास होटल बुकिंग के साथ निजी पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी।
बाकी पर्यटकों के लिए बाईपास और बाहरी पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गई है, जहां से शटल सेवा के जरिए शहर तक पहुंचाया जाएगा। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात किए गए हैं।
होटल कारोबारियों का कहना है कि हर साल पर्यटन सीजन में भारी भीड़ के कारण जाम और अव्यवस्था की स्थिति बन जाती है। ऐसे में प्रशासन द्वारा बनाए गए नियमों का सख्ती से पालन जरूरी है ताकि पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।