जालंधर- जालंधर ग्रामीण पुलिस ने एटीएम तोड़कर लूट की कोशिश करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर भोगपुर और किशनगढ़ इलाके में बैंक एटीएम को निशाना बनाने का आरोप है। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार और एक वाहन भी बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमलजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह और हरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि तीनों आरोपी पेशे से ड्राइवर थे और सुनसान या बिना सुरक्षा वाले एटीएम को निशाना बनाते थे। पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले इलाके की रेकी करते थे और फिर मौका मिलते ही वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 1 और 2 मई की रात भोगपुर स्थित यूके बैंक और किशनगढ़ के एसबीआई एटीएम को तोड़ने की कोशिश की गई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और अन्य सुरागों की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।
फिलहाल तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि गिरोह ने इससे पहले और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है तथा इनके साथ अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।