नई दिल्ली- दिल्ली के रानीबाग क्षेत्र में एक महिला के साथ चलती स्लीपर बस में सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है। पीड़िता फैक्टरी से काम खत्म कर अपने घर लौट रही थी, तभी रास्ते में रुकी एक बस में मौजूद चालक और हेल्पर ने कथित तौर पर उसे जबरन अंदर खींच लिया। आरोप है कि दोनों ने बस के भीतर महिला के साथ दुष्कर्म किया और बाद में नांगलोई मेट्रो स्टेशन के पास उसे सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में महिला को अस्पताल पहुंचाया गया। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनसे बस की पहचान हुई। पता चला कि बस दिल्ली से बिहार रूट पर संचालित होती है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बस को कब्जे में लिया और चालक व हेल्पर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।