हमीरपुर। सदर थाना क्षेत्र के खैंडा इलाके में चोरी की वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने एक बंद घर में घुसकर नकदी, सोने के आभूषण और सीसीटीवी सिस्टम का डीवीआर चोरी कर लिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता कमलेश कुमारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 12 मई को अपने परिवार के साथ पालमपुर गई हुई थीं। घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
उन्होंने बताया कि 14 मई की शाम जब परिवार वापस लौटा तो घर के मुख्य दरवाजे की कुंडी टूटी हुई मिली। अंदर जाकर देखा तो बेडरूम में रखी अलमारी खुली हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। चोर घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि वारदात के सबूत मिटाए जा सकें।
शिकायत के मुताबिक चोर घर से करीब 50 हजार रुपये नकद, एक पाउच में रखे एक हजार रुपये, सोने की अंगूठी और कानों के कांटे चोरी कर ले गए।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। एसपी बलवीर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।