झज्जर- झज्जर जिले के सुबाना गांव में शनिवार को पुरानी रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई। गांव निवासी हितेश उर्फ गुल्लु की बदमाशों ने गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। वारदात को उस समय अंजाम दिया गया जब हितेश अपने घर के बाहर खड़ा था।
जानकारी के अनुसार, बुलेरो में सवार होकर आए 3 से 4 युवकों ने आते ही हितेश पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने 20 से अधिक राउंड फायर किए, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। गोली लगने से हितेश गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। शुरुआती जांच में मामला पुरानी दुश्मनी से जुड़ा माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि करीब दो साल पहले मृतक और आरोपियों के बीच विवाद हुआ था, जिसके चलते दोनों पक्षों में रंजिश चली आ रही थी। पुलिस इसी एंगल से जांच कर रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों की शिकायत पर गिरधरपुर गांव के दो युवकों को नामजद करते हुए अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।