सोनीपत- सोनीपत के खरखौदा कोर्ट परिसर में शनिवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से हड़कंप मच गया। पेशी पर आए एक युवक की अज्ञात हमलावरों ने सरेआम गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद अदालत परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान झज्जर के दूबलधन निवासी नीरज उर्फ कातिया के रूप में हुई है, जो वर्तमान में गुरुग्राम के सेक्टर-37सी गाड़ौली खुर्द क्षेत्र में रह रहा था। बताया जा रहा है कि नीरज का अपनी पत्नी के परिवार के साथ विवाद चल रहा था। उसकी पत्नी ने वर्ष 2019 में दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था, जिसकी सुनवाई अदालत में चल रही थी। शनिवार को नीरज उसी मामले में पेशी के लिए कोर्ट पहुंचा था।
जानकारी के अनुसार, अदालत से बाहर निकलकर जैसे ही नीरज लघु सचिवालय गेट के पास पहुंचा, तभी पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उसकी गाड़ी को टक्कर मार दी। इसके बाद बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने कई राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से चार से पांच गोलियां नीरज को लगीं। गंभीर रूप से घायल नीरज मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हमलावर ब्रेजा कार में सवार होकर आए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तेजी से मौके से फरार हो गए। घटना के समय नीरज के कुछ साथी भी उसके साथ मौजूद थे, जिन्होंने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसीपी जोगिंद्र शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
दिनदहाड़े कोर्ट परिसर में हुई इस हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।