ग्रेटर नोएडा- ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र स्थित जलपुरा गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी। डेढ़ साल पहले विवाह बंधन में बंधी 24 वर्षीय दीपिका नागर की मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतका के पति और ससुर को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार दीपिका की शादी करीब 14 महीने पहले जलपुरा निवासी ऋतिक के साथ धूमधाम से हुई थी। आरोप है कि शादी में भारी खर्च करने के बावजूद ससुराल पक्ष लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था। परिवार का कहना है कि दीपिका पर फॉर्च्यूनर कार और नकदी लाने का दबाव बनाया जाता था, जिसके चलते उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
रविवार को अचानक दीपिका की मौत की सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां वह मृत मिली। मृतका के परिवार ने आरोप लगाया कि दीपिका के शरीर पर चोट के निशान थे और उसकी हत्या कर घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। घटना के बाद परिवार और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
वहीं पुलिस की शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक महिला ने कथित रूप से प्रताड़ना से परेशान होकर छत से छलांग लगा ली। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत की असली वजह स्पष्ट होगी।
पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर दहेज हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मामले में पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और परिवार के बयान के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।