टोहाना- हरियाणा के बगांव हिम्मतपुरा क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 27 वर्षीय विवाहिता ने रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर जीआरपी जाखल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया।
मृतका की पहचान अनीता रानी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसकी शादी करीब सात साल पहले राजस्थान निवासी अनूप यादव से हुई थी, जो रेलवे विभाग में कार्यरत हैं। दंपती के दो छोटे बच्चे भी हैं।
परिजनों का आरोप है कि विवाह के बाद से अनीता को लगातार प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था। पहले ससुराल पक्ष द्वारा परेशान किए जाने की बात सामने आई, जिसके बाद पति उसे अपने साथ टोहाना ले आया। लेकिन आरोप है कि वहां भी पति छोटी-छोटी बातों को लेकर उसे मानसिक रूप से परेशान करता था।
घटना से पहले अनीता ने अपने भाई को एक मैसेज भेजा था, जिसमें उसने पति द्वारा रोजाना प्रताड़ित किए जाने की बात लिखी थी। परिजनों का कहना है कि इसी मानसिक तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
मामले की जांच कर रहीं एएसआई कविता सिंह ने बताया कि महिला का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने की सूचना मिली थी। फिलहाल मृतका के पिता के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल मैसेज, परिवार के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।