देहरादून – उत्तराखंड में अब मैदानी क्षेत्रों के साथ-साथ पहाड़ी इलाकों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई देने लगा है। मई के शुरुआती दिनों में जहां पहाड़ों का मौसम सुहावना बना हुआ था, वहीं अब तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राजधानी देहरादून में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है, जो सामान्य से काफी अधिक माना जा रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 20 मई को प्रदेश के कई मैदानी इलाकों में गर्म हवाएं चलने की संभावना है। देहरादून, हरिद्वार और उत्तरकाशी के सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।
वहीं दूसरी ओर पिथौरागढ़, चमोली और उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के संकेत नहीं हैं और आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब चार डिग्री अधिक 39.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर दर्ज हुआ। गर्मी और लू के कारण लोगों को दिनभर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।