नई दिल्ली- नीट-यूजी 2026 प्रश्नपत्र लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को अदालत में पेश किया। पुलिस हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद सभी आरोपियों को राउज एवेन्यू कोर्ट में प्रस्तुत किया गया।
सीबीआई के मुताबिक, मंगिलाल बीवाल, विकास बीवाल, दिनेश बीवाल, यश यादव, शुभम खैरनार और धनंजय लोखंडे पर नीट-यूजी 2026 परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक करने और पूरे नेटवर्क में सक्रिय भूमिका निभाने के आरोप हैं। एजेंसी मामले से जुड़े अन्य कड़ियों की भी जांच कर रही है।
राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई के दौरान सीबीआई और बचाव पक्ष की दलीलें सुनी गईं। इसके बाद अदालत ने छह में से पांच आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। अदालत के निर्देशानुसार सभी पांच आरोपी अब दो जून तक न्यायिक हिरासत में रहेंगे।
सीबीआई का कहना है कि जांच अभी जारी है और पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। एजेंसी इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और वित्तीय लेनदेन की भी जांच कर रही है ताकि पूरे रैकेट का खुलासा किया जा सके।