रुड़की- ऑनलाइन गेमिंग की लत ने एक और युवा की जान ले ली। सुल्तानपुर क्षेत्र के निहेंदपुर सुठारी गांव में 20 वर्षीय युवक ने आर्थिक नुकसान और मानसिक तनाव के चलते जहरीला पदार्थ खा लिया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मृतक की पहचान शोएब पुत्र जुल्फिकार के रूप में हुई है, जो कस्बे में चप्पल और जूतों की दुकान चलाता था। परिजनों के अनुसार, उसने दुकान के लिए सामान खरीदने की बात कहकर घर से करीब 40 हजार रुपये लिए थे। बाद में पता चला कि युवक ने यह रकम ऑनलाइन गेम में गंवा दी थी। पैसे हारने के बाद से वह काफी तनाव में रहने लगा था।
बताया जा रहा है कि मानसिक दबाव में आकर युवक ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। कुछ समय बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिवार वाले उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान बुधवार को डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।