नैनीताल- स्थित कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के झिरना जोन में लापता हुई दो पालतू हथिनियां देर रात सुरक्षित अपने डेरे पर लौट आईं। उनके वापस आने से वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली है।
जानकारी के अनुसार, कार्बेट पार्क में कुल 14 पालतू हाथी-हथिनियां तैनात हैं, जिनमें से अधिकांश को असम से लाकर सुरक्षा कार्यों में लगाया गया है। झिरना रेंज में तैनात तुंगा और कपिला नाम की दोनों हथिनियों को चरने के लिए रेंज कार्यालय के पास छोड़ा गया था।
मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे, जब महावत उनके लिए चारा लेने गए थे, उसी दौरान जंगली हाथियों का एक झुंड वहां पहुंच गया और दोनों हथिनियां उनके साथ जंगल की ओर चली गईं। महावत के लौटने पर उनके लापता होने की सूचना तुरंत अधिकारियों को दी गई।
इसके बाद कालागढ़, ढेला और झिरना रेंज की संयुक्त टीमों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। बुधवार देर रात करीब डेढ़ बजे दोनों हथिनियां खुद ही वापस अपने डेरे पर लौट आईं। फिलहाल उन्हें सुरक्षित बांध दिया गया है और महावतों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इन दिनों हथिनियों का प्रजनन काल भी चल रहा है।