देहरादून- देहरादून स्थित वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) चार महीने के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर पर्यटकों और आगंतुकों के लिए खोल दिया गया है। सुरक्षा कारणों से 16 जनवरी 2026 को संस्थान को अस्थायी रूप से बंद किया गया था, जिसे अब प्रशासन ने समाप्त कर दिया है।
संस्थान प्रबंधन ने दोबारा खुलने के साथ ही प्रवेश शुल्क और संग्रहालय शुल्क में संशोधन किया है। अब भारतीय पर्यटकों के लिए पैदल प्रवेश शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि संग्रहालय देखने के लिए 150 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। विदेशी नागरिकों के लिए प्रवेश शुल्क 1000 रुपये रखा गया है और संग्रहालय भ्रमण के लिए उन्हें 1500 रुपये अतिरिक्त चुकाने होंगे।
इसके अलावा पार्किंग शुल्क में भी बदलाव किया गया है। ऑटो रिक्शा के लिए 100 रुपये और बस या ट्रक के लिए 300 रुपये शुल्क तय किया गया है। छात्रों के लिए विशेष रियायत जारी रखते हुए स्कूली बच्चों से संग्रहालय प्रवेश के लिए 30 रुपये और कॉलेज छात्रों से 50 रुपये प्रति व्यक्ति शुल्क लिया जाएगा।
संस्थान की प्रभारी निदेशक ऋचा मिश्रा ने बताया कि शुल्क में बढ़ोतरी संस्थान की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से की गई है।